
धार्मिक आस्था और श्रद्धा के माहौल के बीच हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार को मुनि आदित्य सागर महाराज ससंघ के मंगल प्रवेश के उपलक्ष्य में निकाली गई शोभायात्रा में करीब एक हजार महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए थे। इसी दौरान सेक्टर-11 स्थित आलोक स्कूल से जैन मंदिर के बीच भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने अलग-अलग स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाया और उनके गले से सोने के आभूषण झपटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सवीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने पीड़ित महिलाओं की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात में सेक्टर-11 निवासी रेणुका जैन का करीब ढाई तोला सोने का मंगलसूत्र, झपट लिया गया। गोविंद नगर निवासी संगीता सिंघवी की करीब तीन तोला वजनी सोने की चेन और पेंडेंट, सेक्टर-14 निवासी मधुकान्ता जैन की डेढ़ तोला सोने की चेन, सर्वऋतु विलास निवासी इंदिरा देवी का डेढ़ तोला सोने का मंगलसूत्र, सेक्टर-3 निवासी लीला देवी सिंघवी की करीब डेढ तोला वजनी सोने की चेन और सेक्टर-13 निवासी स्निग्धा जैन की करीब 1.15 तोला सोने की चेन बदमाश लेकर फरार हो गए। थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि बदमाशों ने भीड़ का फायदा उठाकर अलग-अलग स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाया। पुलिस सभी घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है। गौरतलब है कि उदयपुर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे एक दिन पहले भी हिरणमगरी थाना क्षेत्र में इसी तरह की वारदात सामने आई थी। लगातार हो रही घटनाओं के बाद शहरवासियों में चिंता बढ़ गई है और लोगों ने धार्मिक आयोजनों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस निगरानी और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
11 Jul 2026